ललितपुर में बाइक भिड़ंत, एक की मौत:जीजा ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, साला और एक अन्य घायल

📅 Published: November 24, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

ललितपुर में रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक किसान की मौत हो गई। हादसे में मृतक का साला और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान थाना सौजना अंतर्गत ग्राम मैंनवार निवासी 35 वर्षीय गुलाब यादव पुत्र धरमु के रूप में हुई है। वह अपने साले 26 वर्षीय लखन पुत्र धरमु निवासी ग्राम सिरोंन, थाना मड़ावरा के साथ रविवार शाम सौजना से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। गुलाब की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में उसकी स्थिति और बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन रविवार रात 2:42 बजे उसे वापस जिला अस्पताल के इमरजेंसी विभाग लाए। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद गुलाब को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि मृतक गुलाब यादव पांच भाइयों और चार बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके एक पुत्र और एक पुत्री है। वह खेती-किसानी का काम करता था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सदर अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *