ललितपुर के ग्राम पराकलां में ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जे और दुकानों के निर्माण का गंभीर आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि द्वारा एक स्कूल भवन को गिराकर व्यावसायिक दुकानें और मीट मार्केट स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, जिसके चलते मंगलवार को उन्होंने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम सभा की इस भूमि पर पहले एक विद्यालय संचालित था, जो कई वर्षों से बंद पड़ा था। आरोप है कि कुछ माह पूर्व जिला पंचायत प्रतिनिधि ने गलत जानकारी देकर बुलडोजर से विद्यालय भवन को गिरवा दिया। इसके बाद, ग्राम सभा की भूमि पर नियमों को ताक पर रखकर रातों-रात दुकानों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय गिराने के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका के माध्यम से यह दर्शाया गया कि स्कूल जर्जर अवस्था में था और उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। हालांकि, ग्रामीणों का तर्क है कि जब स्कूल का संचालन ही नहीं हो रहा था, तो उसकी आय बढ़ाने का कोई औचित्य नहीं था। आरोप है कि ग्राम सभा की बंजर भूमि पर दबंगई के बल पर दुकानों का निर्माण कर लोगों से प्रीमियम और जमानत के नाम पर चार से पांच गुना अवैध धन वसूला गया है। इस मामले में पहले भी शिकायत के बाद उप जिलाधिकारी के निर्देश पर दुकानों का निर्माण रुकवाया गया था। जांच रिपोर्ट में भी भूमि को ग्राम सभा की बताया गया था, इसके बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अवैध निर्माण कार्य तत्काल रोकने, पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
ललितपुर में स्कूल भवन गिराकर दुकान बनाने का विरोध:ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर निर्माण कार्य रोकने की मांग की
📅 Published: February 10, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
