वर्ल्ड अपडेट्स:ब्राजील में COP30 क्लाइमेट समिट के कार्यक्रम स्थल पर आग लगी, 13 लोग घायल; 50,000 से ज्यादा डिप्लोमैट, पत्रकार और एक्टिविस्ट जमा थे

📅 Published: November 20, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

ब्राजील के बेलेम शहर में चल रहे UN COP30 क्लाइमेट समिट के मेन वेन्यू पर गुरुवार को आग लग गई। इसमें 13 लोग घायल हो गए। भारत के पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी आग लगने के समय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ वहीं मौजूद थे। हालांकि, वे और अन्य अधिकारी सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए। द न्यू यॉर्क टाइम्स के अनुसार, यह आग स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजे (भारतीय समयानुसार रात 10.30 बजे) एक कन्वेंशन हॉल के अंदर एक पवेलियन में लगी थी। घटना के वक्त पवेलियन में 190 से ज्यादा देशों के 50,000 से अधिक डिप्लोमैट, पत्रकार और एक्टिविस्ट जमा हुए थे। आग लगते ही हजारों लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। घटनास्थल से आए वीडियो और तस्वीरों में लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। वहीं, पवेलियन से आग की लपटें और काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया।धुआं कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता था। मौके पर दर्जनों एम्बुलेंस और दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। कार्यक्रम के आयोजक UN COP30 प्रेसीडेंसी और UNFCCC ने एक जॉइंट स्टेटमेंट में बताया कि लगभग छह मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कुछ ही मिनटों बाद, इलाके में भारी बारिश शुरू हो गई, जिससे कार्यक्रम स्थल से बाहर आए हजारों लोग भीग गए। बता दें कि यूनाइटेड नेशन्स फ्रेमवर्क कनवेंशन ऑन क्लाइमेट चेंज (UNFCCC) के वार्षिक COP30 क्लाइमेट समिट 10 से 21 नवंबर तक होने वाला है। इसमें 190 से ज्यादा देशों के हजारों लोग भाग लेने पहुंचे हैं। आयोजकों ने अपने बयान में मेहमानों से कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी के लिए अगली सूचना तक इंतजार करने कहा गया है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *