वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी सवार डिवाइडर से जाकर टकराए और गंभीर चोटें लगने के चलते उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल ले जाकर डॉक्टरों को बुलाया, जिन्हें जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों और मोबाइल के आधार पर परिजनों को हादसे की सूचना दी। जानकारी पाकर पहुंचे परिजन शव देखकर रोते और बिलखते रहे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार सुबह कैंट थाना क्षेत्र के डीआईजी पीएसी आवास के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (UP-65-EU-9399) ने स्कूटी सवार 48 वर्षीय राजेश गोंड को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वह शहर के एक बड़े होटल में हाउसकीपिंग स्टाफ थे और रोज की तरह अपनी सुबह की ड्यूटी पर निकल रहे थे। राजेश गोंड मूल रूप से फुलवरिया थाना क्षेत्र के इमलिया घाट के निवासी थे और स्कूटी से अपनी ड्यूटी पर शाम को जाते थे और सुबह होटल से लौटकर आते थे। उन्हें अपनी बेटी की शादी के लिए आज से छुट्टी लेनी थी इसीलिए होटल में आखिरी दिन काम करने गए थे। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही अंजली, मां और बहन के साथ कैंट थाने पहुंची। जैसे ही उसकी नज़र पिता के निर्जीव शरीर पर गई, वह बिलख पड़ी। कुछ ही सेकेंड में वह जोर से चिल्लाते हुए अचानक थाने के फर्श पर गिरकर बेहोश हो गई। आसपास मौजूद महिला पुलिस कर्मियों ने उन्हें उठाया। हादसे से घर में पसरा मातम उधर, हादसे के बाद खुशियों से भरे घर में कुछ ही मिनटों में मातम पसर गया। बताया गया कि परिवार इन दिनों बड़ी बेटी अंजली उर्फ बिन्नी की 25 नवंबर को होने वाली शादी की तैयारियों में लगा था। कार्ड छप चुके थे, मेहंदी–हल्दी की तारीखें तय थीं, रिश्तेदारों को न्योते भेजे जा चुके थे, अचानक मिली इस मौत की खबर ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी। घर के दरवाज़े पर जहां दूल्हे के स्वागत की योजना थी, अब वहां सन्नाटा और चीखें गूंज रही हैं। पत्नी शीला गोंड और छोटी बेटी मिनी का रो-रोकर हाल बेहाल है। मां-बेटी का दुख और करुण क्रंदन सुनकर थाने में मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने अंजली को सहारा देकर कुर्सी पर बैठाया, पानी मंगवाया और परिवार को ढांढस बंधाया। महिला कॉन्स्टेबल स्नेहा पाण्डेय ने अंजली को अपनी गोद में लिया, उसके चेहरे पर पानी के छींटे मारे और बार-बार हिम्मत दे रही थीं। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते थाना प्रभारी ने अधिकारियों से तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा भी दिलाया है।
वाराणसी में स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत:दो दिन बाद थी बेटी की शादी, मुखिया छिनते ही घर में पसरा मातम
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
