वाराणसी में SDM और किसानों के बीच तीखी बहस, VIDEO:किसान बोले- जहर देकर जमीन ले लीजिए, वर्ल्ड सिटी एक्सपो प्रोजेक्ट का मामला

📅 Published: January 18, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

वाराणसी में वर्ल्ड सिटी एक्सपो टाउनशिप योजना के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर रविवार दोपहर पिंडरा तहसील के रामसिंहपुर गांव में किसानों की बैठक के दौरान जमकर कहासुनी हुई। परियोजना से प्रभावित गांवों के किसान एक मंच पर जुटे और प्रशासन के सामने अपनी आपत्तियां रखीं। बैठक के दौरान माहौल कई बार तनावपूर्ण हो गया और हल्की नोंकझोंक भी हुई। बैठक में पिंडरा की एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलओ) वाराणसी और आवास विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, पुनर्वास, रोजगार और अपने भविष्य को लेकर प्रशासन से सवाल किए और आशंकाएं जताईं। इसी दौरान हरहुआ निवासी किसान सुनील पांडेय का बयान चर्चा का केंद्र बन गया। उन्होंने भावुक होकर कहा- अगर सरकार जबरदस्ती हमारी जमीन लेना चाहती है तो मैं लिखकर दे रहा हूं। जमीन ले लीजिए, लेकिन मुझे और मेरे परिवार को जहर दे दीजिए। न हम रहेंगे, न जमीन का झंझट रहेगा। इस बयान के बाद बैठक में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, मौजूद किसानों ने तालियां बजाकर उनके बयान का समर्थन किया। बैठक में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि शंभु यादव, सिंहापुर गांव के प्रधान अमित सिंह ‘नीलू’ और वाजिदपुर के पूर्व प्रधान महेंद्र यादव ने किसानों की सामूहिक पीड़ा और आपत्तियों को प्रशासन के सामने रखा। जवाब में एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने कहा कि जिन किसानों को भूमि अधिग्रहण पर आपत्ति है, वे अपनी आपत्तियां अलग-अलग लिखित रूप में एसएलओ कार्यालय में दर्ज कराएं। प्रशासन सभी आपत्तियों पर नियमानुसार विचार करेगा। हालांकि इस आश्वासन से कुछ किसान सहमत नजर आए, लेकिन बड़ी संख्या में किसान संतुष्ट नहीं हुए। असहमति के बीच एसडीएम प्रतिभा मिश्रा बैठक बीच में ही छोड़कर चली गईं, जिससे किसानों में और नाराजगी देखने को मिली। बैठक में ग्राम प्रधान अमित कुमार सिंह, प्रधान लालमन यादव, शंभु यादव, पूर्व प्रधान महेंद्र यादव, अनिल सिंह, राकेश सिंह, संजय पटेल, दिनेश पटेल, पुष्कर सिंह, इंद्रकेश कुमार सिंह, बलवंत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अरुण कुमार सिंह, शिवकुमार पटेल सहित दर्जनों किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *