शामली जनपद की कैराना पुलिस ने शनिवार तड़के नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने छापा मारकर अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 4 किलो 102 ग्राम शुद्ध स्मैक बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 4 करोड़ 10 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। यह कार्रवाई कैराना थाना क्षेत्र के गांव गंदराऊ स्थित एक मकान पर दबिश देकर की गई। मौके से पुलिस ने स्मैक की बिक्री से कमाए गए 33 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए। शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गय्यूर पुत्र गुल मोहम्मद, हरियाणा और नवीन उर्फ धोनी पुत्र गुलाम मानवी, कैराना के रूप में हुई है। नवीन का वर्तमान पता भारत नर्सिंग होम के पीछे, खुरगान रोड, कस्बा कैराना बताया गया है। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपी एक बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। इस कार्रवाई से पुलिस ने नशे की सप्लाई करने वाले एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
शामली में दो स्मैक तस्कर गिरफ्तार:पुलिस ने 4 करोड़ की स्मैक जब्त की, छापेमारी कर किया खुलासा
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
