शाहजहांपुर में ट्रेन से युवक के दोनों पैर कटे:5 घंटे से नही आया होश, त्रिवेणी एक्सप्रेस आधे घंटे रुकी

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

शाहजहांपुर में एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसके दोनों पैर कट गए। हादसे के बाद युवक बेहोश हो गया और उसकी पहचान नहीं हो पाई है। घटना के कारण त्रिवेणी एक्सप्रेस को आधे घंटे तक रोकना पड़ा। युवक को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे डाउन लाइन पर हुई। टनकपुर से सिंगरौली जा रही त्रिवेणी एक्सप्रेस मीरानपुर कटरा रेलवे स्टेशन के पास ग्राम उखरी में रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 341सी से गुजर रही थी। तभी लगभग 25 वर्षीय एक अज्ञात युवक अचानक ट्रेन के सामने आ गया। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन युवक ट्रेन की चपेट में आ गया और उसके घुटनों के ऊपर से दोनों पैर कट गए। हादसे के बाद युवक बेहोश हो गया। ट्रेन को तुरंत रोका गया, जिससे त्रिवेणी एक्सप्रेस लगभग आधे घंटे तक घटनास्थल पर खड़ी रही। ट्रेन से उतरे यात्रियों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। इस घटना के कारण त्रिवेणी के पीछे आ रही हिमगिरि एक्सप्रेस को भी बरेली के बिलपुर रेलवे स्टेशन पर आधा घंटा रोकना पड़ा। लोको पायलट की सूचना पर रेलवे स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद हनीफ ने कटरा पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया। युवक अभी भी बेहोश है, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी निरीक्षक जुगलकिशोर पाल ने बताया कि पुलिस युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *