भास्कर न्यूूज | बलरामपुर जिले में ठंड के मौसम को देखते हुए दिशा-निर्देश जारी किया है। जारी दिशा-निर्देशों में शीतलहर से बचाव के लिए घर के अंदर रहने और यात्रा से बचने की सलाह दी है। सीएमएचओ डॉ. बसंत सिंह ने कहा कि आमजनों को ठंड से बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किया है। इसके साथ ही गर्म तरल पदार्थों का लगातार सेवन करने, यदि कंपकंपी हो रही हो, उंगलियों में सफेद या पीलापन दिख रहा हो, सुन्नता महसूस हो तो चिकित्सक से संपर्क करने कहा है। सीएमएचओ डॉ. सिंह ने कहा कि बच्चों व बुजुर्गों को इस मौसम में विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि स्वयं को गर्म रखें व ताजा भोजन, फल, सब्जियों का भी सेवन करें। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ठंड से बचने के लिए कोयला जलाकर आग सेंकते हैं, लेकिन कोयला जलाने से कार्बन मोनोआक्साइड गैस उत्पन्न होती है, जो जहरीली होती है, इसलिए बंद कमरे में कभी कोयला न जलाएं। हाइपोथर्मिया की स्थिति में व्यक्ति को गर्म स्थान पर लेटाएं और उसके शरीर को कंबल, गर्म कपड़े से ढंक दें, जिससे उसके शरीर का तापमान बढ़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर मांसपेशियों में अकड़न हो तो डॉक्टर से सलाह अवश्य लें। लापरवाही करने पर हाइपोथर्मिया जैसी स्थिति हो सकती है, जिसमें शरीर के तापमान में कमी, कंपकंपी, बोलने में कठिनाई, नींद न आना, मांसपेशियों में अंकड़न, भारी सांस लेना जैसे लक्ष्ण हो सकते हैं। कुछ मामलों में कमजोरी या व्यक्ति अचेत भी हो सकता है।
शीतलहर से स्वास्थ्य को खतरा, सावधानी बरतें
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
