श्रावस्ती में तीन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बर्खास्त:पोषाहार वितरण में लापरवाही, जन चौपाल में शिकायत पर कार्रवाई

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

श्रावस्ती जिले में पोषाहार वितरण में अनियमितता पाए जाने पर तीन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त कर दी गई है। यह कार्रवाई जन चौपाल में मिली शिकायतों और उसके बाद हुई जांच के आधार पर की गई है। संबंधित मुख्य सेविका और बाल विकास परियोजना अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। मामला सिरसिया ब्लॉक के ग्राम हेमपुर का है, जहां 30 अगस्त, 2025 को आयोजित जन चौपाल में महिलाओं ने पोषाहार वितरण में गड़बड़ी की शिकायत की थी। शिकायत की पुष्टि के लिए एक समिति गठित कर जांच कराई गई। जांच में आरोप सही पाए गए। बडरहवा, भुतना और हेमपुर द्वितीय आंगनवाड़ी केंद्रों की संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। सुनवाई के दौरान उनके स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए गए, जिसके बाद तीनों की सेवा समाप्त कर दी गई। पर्यवेक्षणीय दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन न करने के कारण मुख्य सेविका श्रीमती ममता शाक्य और बाल विकास परियोजना अधिकारी मुकेश कुमार के विरुद्ध भी कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। एक अन्य घटना में, 15 नवंबर, 2025 को बाल विकास परियोजना जमुनहा के अंतर्गत तीन बोरों में पुष्टाहार पैकेट बेचे जाने का मामला सामने आया था। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 16 नवंबर, 2025 को स्थानीय थाना हरदत्तनगर गिरंट में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराई गई है। मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने 19 नवंबर, को सिरसिया ब्लॉक के गुलरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। केंद्र बंद पाए जाने पर बाल विकास परियोजना अधिकारी, सिरसिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। आज, 21 नवंबर, 2025 को आयोजित जिला पोषण समिति की बैठक में सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारी को कड़े निर्देश दिए गए हैं। उन्हें यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी आंगनवाड़ी केंद्र समय पर खुलें और पोषाहार का नियमित वितरण हो। जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि सरकार की योजनाओं में किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *