संडीला के ए-वन हॉस्पिटल में जच्चा-बच्चा की मौत:परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा, तोड़फोड़

📅 Published: November 22, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

हरदोई के संडीला कस्बे में स्थित ए-वन हॉस्पिटल में प्रसव के बाद एक महिला और उसके नवजात शिशु की मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। यह घटना संडीला के इमालिहाबाग स्थित ए-वन हॉस्पिटल में हुई। बेरवा गांव निवासी इरशाद ने अपनी गर्भवती पत्नी गुड्डी को प्रसव पीड़ा बढ़ने पर इस अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने गुड्डी का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के कुछ समय बाद गुड्डी की हालत बिगड़ने लगी। डॉक्टरों ने खून की कमी बताते हुए उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। इरशाद ने बताया कि वे एम्बुलेंस से गुड्डी को लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुए। हालांकि, काकोरी पुल के पास भारी जाम लग गया, जिससे एम्बुलेंस काफी देर तक फंसी रही। इसी दौरान रास्ते में गुड्डी और उसके नवजात शिशु की मृत्यु हो गई। मृतक महिला और शिशु के शवों को लेकर परिवार दोबारा अस्पताल पहुंचा। वहां मौत की पुष्टि होने के बाद परिजनों ने चिकित्सा लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ की और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए। घटना की जानकारी मिलते ही संडीला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेज दिया। मामले की जांच जारी है और परिजन अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *