संभल में पांच दिन की कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बाद मौसम सामान्य हो गया है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 265 रहा। धूप निकलने से सड़कों पर चहल-पहल बढ़ी और वाहनों की आवाजाही सामान्य हुई। जनपद संभल में मौसम में यह बड़ा बदलाव मंगलवार को देखा गया। बीते शनिवार और रविवार को घना कोहरा छाया रहा और कड़ाके की ठंड पड़ी थी। रविवार को दिन का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस होने के बावजूद 5 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हो रहा था। मंगलवार को धूप निकलने के बाद अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। 5 तस्वीरें देखिए… मौसम सामान्य होने से जनजीवन पटरी पर लौट आया है। हालांकि, रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में अभी कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। हवा 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। गंगा किनारे की तहसील गुन्नौर के ग्रामीण इलाकों में भी मौसम सामान्य दर्ज किया गया। 23 जनवरी को बसंत पंचमी का पर्व है और विवाह के मुहूर्त भी शुरू हो रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत धूप निकलने के साथ आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम के प्रभाव से ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। चंदौसी जंक्शन पर सत्याग्रह चंपारण एक्सप्रेस, लखनऊ इंटरसिटी, गरीब रथ एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, टनकपुर पूर्णागिरि एक्सप्रेस और बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेनें चार घंटे तक की देरी से पहुंचीं। वहीं, मालगाड़ी छह घंटे विलंब से पहुंची। स्थानीय निवासी राजीव कुमार ने बताया कि कई दिनों बाद मौसम सामान्य हुआ है। उन्होंने कहा कि बीते दिन भी धूप निकलने से मौसम में सुधार हुआ था और अब यह सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रहा है।
संभल में न्यूनतम 10 डिग्री, मौसम सामान्य हुआ:AQI 265 पहुंचा, ट्रेनें चार घंटे तक लेट हुईं, सुबह के समय दिखा कोहरा
📅 Published: January 20, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
