संभल में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्यों के लिए मतदान संपन्न हो गया है। कुल 1921 अधिवक्ताओं में से 1666 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और सुरक्षा के लिए आरपीएफ के जवान भी तैनात किए गए। यह मतदान दो दिनों तक चला। शनिवार को 825 अधिवक्ताओं ने वोट डाले, जबकि शुक्रवार को 841 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हुआ। स्थानवार आंकड़ों के अनुसार, संभल में कुल 421 वोटों में से 394 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। चंदौसी में कुल 1224 वोटों में से 1052 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। गुन्नौर में कुल 276 वोटों में से 220 अधिवक्ताओं ने वोट डाले। संभल कोतवाली क्षेत्र के सिविल न्यायालय में पीठासीन अधिकारी न्यायाधीश ललित कुमार, चंदौसी जिला न्यायालय में न्यायाधीश अवधेश कुमार सिंह और गुन्नौर सिविल न्यायालय में न्यायाधीश नावेद अख्तर ने मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई। अधिवक्ताओं ने मतदान प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया। संभल के अधिवक्ता मौ. कामिल ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और कोई दिक्कत नहीं आई। अब्दुल रहमान ने लगभग 75% मतदान होने की बात कही। चंदौसी के अधिवक्ता मोहम्मद आवाद मियां ने जिला जज द्वारा की गई अच्छी व्यवस्थाओं की सराहना की और बताया कि चंदौसी में न्यायाधीश अवधेश कुमार सिंह की देखरेख में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। कुल 333 प्रत्याशियों के लिए प्रत्येक अधिवक्ता ने 25 प्रत्याशियों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग का प्रयोग किया है। जानकारी के अनुसार 333 प्रत्याशियों में से कुल 25 प्रत्याशी उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के लिए निर्वाचित होंगे और इस चुनाव की मतगणना के बाद निर्वाचित 25 अधिवक्ता कार्यकारिणी का गठन करेंगे। चुनाव प्रक्रिया 4 साल के लिए होती है और कार्यकारी का गठन 1 वर्ष के लिए होता है 4 वर्षों तक यही 25 अधिवक्ता सदस्य कार्यकारिणी का गठन करेंगे।
संभल में बार काउंसिल चुनाव संपन्न:1666 अधिवक्ताओं ने डाले वोट, कड़ी सुरक्षा में हुआ मतदान
📅 Published: January 31, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
