संभल में हत्यारोपी पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार:पति की हत्या कर सुसाइड दिखाने की कोशिश, गला दबाकर फांसी पर लटकाया

📅 Published: November 22, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

संभल पुलिस ने प्रेम-प्रसंग में पति की हत्या के आरोप में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पति की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसे फांसी पर लटका दिया था, ताकि मामला आत्महत्या लगे। यह घटना बहजोई थाना क्षेत्र के पंवासा गांव की है। मृतक की पहचान 54 वर्षीय पूरन सिंह कठेरिया के रूप में हुई है। उसकी पत्नी विनोद देवी का गांव के ही राशन डीलर श्याम सिंह से कई वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस संबंध की जानकारी पति, परिजनों और गांव के अधिकांश लोगों को थी। पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को प्रेम-प्रसंग में बाधा बन रहे पूरन सिंह को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी विनोद देवी ने प्रेमी श्याम सिंह के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। विनोद देवी ने श्याम सिंह को घर बुलाया और दोनों ने मिलकर पूरन सिंह का गला घोंट दिया। हत्या के बाद, किसी को शक न हो इसके लिए शव को कमरे में फांसी के फंदे से लटका दिया गया। परिजनों को जब पूरन सिंह का शव फांसी पर लटका मिला तो घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर बहजोई थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। इस दौरान, आरोपी पत्नी विनोद देवी ने पोस्टमार्टम न कराने की मांग करते हुए खुद को कमरे में बंद कर आत्महत्या की धमकी दी। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। 20 नवंबर को मृतक के बेटे सुमित प्रताप सिंह उर्फ कन्हैया की शिकायत पर पुलिस ने मां विनोद देवी और उसके प्रेमी श्याम सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पूरन सिंह एक प्राइवेट बस कंडक्टर थे। घटना के दिन, 17 नवंबर को उनकी बहन बेटे की शादी का न्योता देने घर आई थी और उसके जाने के बाद ही वारदात को अंजाम दिया गया। शनिवार को थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि हत्या के मामले में उसकी पत्नी और प्रेमी राशन डीलर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेज दिया है। आपको बता दें कि प्रेमी-प्रेमिका के मकान आस-पास ही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *