संभल हिंसा बरसी, विवादित धार्मिकस्थल समेत 16 जगह मजिस्ट्रेट तैनात:43 लोग पाबंद, 23 ने 5 लाख का मुचलका और 5 लाख जमानती देकर बेल कराई

📅 Published: November 24, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

संभल में 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा की पहली बरसी पर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिले के विवादित धार्मिक स्थल, हिंदूपुरा खेड़ा और अंजुमन तिराहा सहित पूरे संभल इलाके को 16 सेक्टर में बांटा गया है, जहां मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। संभल के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने रविवार को यह आदेश जारी किया। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर 2024 को महंत ऋषिराज गिरि ने मौहल्ला कोट पूर्वी स्थित विवादित धार्मिक स्थल को हरिहर मंदिर होने का दावा किया था। इसके बाद 24 नवंबर 2024 को एडवोकेट कमिश्नर द्वारा सर्वे की कार्रवाई के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया था, जिसमें पथराव, आगजनी और गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं। डीएम ने कहा कि तहसील संभल क्षेत्र अतिसंवेदनशील है और घटना की बरसी पर संगठनों द्वारा शांति व कानून व्यवस्था भंग किए जाने की आशंका है। इसी के मद्देनजर सुरक्षा और निगरानी के लिए 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने तैनाती क्षेत्र के 200 मीटर की परिधि में आने वाले मार्गों का निरीक्षण करेंगे। वे यह सुनिश्चित करेंगे कि मकानों, मैदानों या अन्य स्थानों पर ईंट, पत्थर या ज्वलनशील सामग्री जमा न हो। इसकी सूचना एडीएम प्रदीप वर्मा को दी जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट संभल सुधीर कुमार ने बताया कि विभिन्न थाना क्षेत्रों से 43 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट न्यायालय में पेश की गई थी। इनमें से 23 लोगों ने न्यायालय में उपस्थित होकर पांच लाख रुपये का निजी मुचलका और पांच लाख रुपए का एक जमानती देकर जमानत कराई है। शेष 16 लोगों पर कार्रवाई जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि नोटिस जारी होने और पुलिस द्वारा तामील कराए जाने के बावजूद चार लोग न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए, जिनके विरुद्ध वारंट जारी किए गए हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *