मिर्जापुर में समाजवादी पार्टी ने अपने संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती मनाई। सपा जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनके राजनीतिक जीवन, समाजवादी विचारधारा और जन-उन्मुख नीतियों पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उन्होंने नेताजी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने गरीब, किसान, मजदूर, पिछड़ों और वंचितों को मुख्यधारा में लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। जयंती समारोह के बाद, सपा कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। नेताओं ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने और नेताजी के सपनों को साकार करने का दावा किया। इस जयंती समारोह में पूर्व विधायक जगतम्बा सिंह पटेल, रविन्द्र बहादुर सिंह, रोहित शुक्ला ‘लल्लू’, कीर्ति कोल, आशीष यादव, डॉ. सुनील सिंह पटेल, अशोक यादव, सुरेन्द्र पटेल, सतीश मिश्रा, मुन्नी यादव, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, धनंजय सिंह सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सपा ने मनाई मुलायम सिंह यादव की जयंती:मिर्जापुर में जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी बोले-उनकी कमी हमेशा खलेगी
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
