सम्भल में जाम से मिलेगी निजात, दो रास्ते वन-वे:ई-रिक्शा पर रोक; मंगलवार से लागू होगी नई यातायात व्यवस्था

📅 Published: November 22, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

सम्भल में शहर में बढ़ती जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने अहम कदम उठाए हैं। मंगलवार से नगर पालिका परिषद से कोतवाली तक और टंडन तिराहा से पोस्ट ऑफिस तक का मार्ग वन-वे कर दिया जाएगा। इसके साथ ही टंडन चौराहे से पोस्ट ऑफिस तक ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार की अध्यक्षता में हुई संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक में नगर पालिका, परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, सिविल पुलिस और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। व्यापारियों ने लंबे समय से शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई थी। व्यापारियों ने बताया कि बाजार में अनावश्यक चालान कटने से ग्राहकों में नाराजगी बढ़ रही है। व्यापारी नेता अवधेश कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि वन-वे प्लान का पालन नहीं हो रहा था और गलियों में खड़ी मोटरसाइकिलों पर भी चालान किए जा रहे थे। उन्होंने शंकर कॉलेज चौराहे पर स्थायी यातायात पुलिस तैनात करने की मांग रखी। बाजार में बिना नियंत्रण के प्रवेश करने वाले फल-फ्रूट के ठेलों को भी जाम का प्रमुख कारण बताया गया। व्यापार मंडल के पदाधिकारी हरिओम गंभीर ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का सुझाव दिया, ताकि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में सुविधा मिल सके। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि नगर पालिका परिषद से कोतवाली तक और टंडन तिराहा से पोस्ट ऑफिस तक दो स्थानों पर सबसे अधिक जाम लगता है। इसलिए इन मार्गों को वन-वे किया जा रहा है। वापसी मार्ग चमन सराय की ओर से रहेगा। नई व्यवस्था मंगलवार से लागू हो जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *