सहारनपुर में आतंकी कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए किरायेदारों और घरेलू सहायकों का बड़े पैमाने पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 6 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा डॉक्टर अदील अहमद की गिरफ्तारी के बाद शुरू किया गया है। अदील सहारनपुर के मानकमऊ क्षेत्र में एक किराए के मकान में रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद, 10 नवंबर को दिल्ली में एक धमाका हुआ था। एसएसपी आशीष तिवारी के निर्देश पर 15 से 19 नवंबर तक एक विशेष डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किरायेदारों, पेइंग गेस्ट (पीजी) निवासियों और घरेलू सहायकों का भौतिक सत्यापन किया। पुलिस टीमों ने पहचान पत्र, किरायानामा, पिछले पते और मोबाइल नंबर जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहनता से जांच की। पांच दिनों के इस अभियान में कुल 2539 किरायेदारों और 1493 घरेलू सहायकों का सत्यापन पूरा किया गया, जिससे कुल 4032 लोगों की जांच हुई। पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करना और संदिग्ध तत्वों पर कड़ी निगरानी रखना है। शहर के संवेदनशील मुस्लिम बहुल इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही, चौक-चौराहों पर निगरानी बढ़ाई गई है और देर रात तक गश्त भी तेज कर दी गई है। पुलिस टीमों ने मकान मालिकों और नागरिकों को नए किरायेदारों, पीजी निवासियों या घरेलू सहायकों को रखने से पहले अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डॉक्टर आदिल की गिरफ्तारी के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता और बढ़ गई है। बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन लगातार जारी रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। एसएसपी आशीष तिवारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह भी किया।
सहारनपुर में आतंकी कनेक्शन के बाद अलर्ट:किराएदारों का डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान तेज, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
