सिकरी नाले में मिली थी किशोरी की लाश:अंशिका के रूप में हुई पहचान; पुलिस ने रेप और हत्या की आशंका जताई

📅 Published: February 6, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

सिद्धार्थनगर के कठेला समय माता थाना क्षेत्र में सिकरी नाले में गुरुवार को नग्न अवस्था में किशोरी की लाश मिली थी। किशोरी का शव उसके घर से 4 किलोमीटर दूर मिला था। शुक्रवार को मृतका की पहचान 16 वर्षीय अंशिका के रूप में हुई, जो इसी थाना क्षेत्र के धोबहा, पठान डीह टोला डिहवा की निवासी थी। शव की स्थिति और घटनाक्रम को देखते हुए ग्रामीणों ने इसे सामान्य मौत नहीं माना है और इसमें रेप व हत्या की आशंका जताई जा रही है। गुरुवार को कठेला जुनूबी गांव के टोला पोखरभिटवा के कुछ ग्रामीण अपने पशुओं को चराने सिकरी नाले की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नाले में मुंह के बल पड़े एक नग्न शव पर पड़ी। इस खबर के फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कठेला समय माता थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने नाले से शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा किया। हालांकि, आसपास के गांवों में शव की शिनाख्त नहीं हो सकी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने नाले के किनारे घास-फूस, मिट्टी और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को घटनास्थल से किशोरी के कपड़े और जूते भी मिले हैं, जिन्हें सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस उस समय आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदा किशोरियों की जानकारी जुटाने में लगी रही।

शुक्रवार को शव की पहचान अंशिका के रूप में होने के बाद मामला और उलझ गया। पुलिस के अनुसार अंशिका के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। उसके पिता का नाम पटवारी और माता का नाम रेखा देवी बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक अंशिका तीन फरवरी को अचानक घर से लापता हो गई थी। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *