सीतापुर में सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए यातायात पुलिस को हाईटेक उपकरणों से लैस किया जा रहा है। एसपी अंकुर अग्रवाल की पहल पर यातायात निरीक्षक फरीद अहमद ने नवीनतम लेजर स्पीड टेस्ट गन मंगाई है। जिसके माध्यम से तेज रफ्तार वाहनों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। यह तकनीक उन्हीं शहरों में इस्तेमाल होती है जहां सड़क सुरक्षा को अत्याधुनिक स्तर पर ले जाया गया है। अब सीतापुर भी उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। यातायात पुलिस ने स्पीड गन का ट्रायल शुरू कर दिया है। ट्रायल के दौरान मुख्य मार्गों पर गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार मापी गई और निर्धारित गति सीमा से अधिक गति पर चलने वालों को चेतावनी देकर कार्रवाई की गई। यातायात निरीक्षक का कहना है कि यह उपकरण सड़क हादसों की रोकथाम के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा, क्योंकि तेज रफ्तार अधिकतर दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है। यातायात पुलिस ने पहले चरण में तेज रफ्तार के मामलों में 20 दिनों में ही 359 चालान करते हुए 8.68 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। यह आंकड़ा बताता है कि शहर में तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों की संख्या कम नहीं है, और स्पीड टेस्ट गन का उपयोग करके उन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। यातायात निरीक्षक फरीद अहमद ने बताया कि शहर में ऐसे कई पॉइंट चिन्हित किए गए हैं, जहां वाहनों की गति सीमा का अक्सर उल्लंघन होता है। इन स्थानों पर नियमित रूप से स्पीड गन का उपयोग किया जाएगा। साथ ही रात के समय भी विशेष चेकिंग की जाएगी।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई तकनीक के उपयोग से सड़क हादसों में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं, ताकि अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सीतापुर में तेज रफ्तार वाहनों पर स्पीड गन का शिकंजा:ट्रायल सफल होने पर होगा प्रयोग, हाई स्पीड में 20 दिन में 359 चालान, 8.68 लाख का जुर्माना
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
