सीतापुर में पुलिस झंडा दिवस, एसपी ने किया ध्वजारोहण:पुलिस बल के शौर्य को किया नमन, बोले- टीमवर्क से हो रहा काम

📅 Published: November 23, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

सीतापुर में शनिवार को पुलिस झंडा दिवस सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन सीतापुर में आयोजित मुख्य समारोह में एसपी अंकुर अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर पुलिस ध्वज को सलामी दी। यह दिवस पुलिस बलों के शौर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को समर्पित है, जिसे अनुशासन और उत्साह के साथ मनाया गया। ध्वजारोहण के बाद एसपी ने उपस्थित समस्त अधिकारियों और जवानों को पुलिस झंडा दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज देश की सेवा, ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता और बलिदान का प्रतीक है। इसे ऊंचा रखना हर पुलिसकर्मी का प्रमुख दायित्व है। उन्होंने जिले के सभी पुलिसकर्मियों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा द्वारा जारी संदेश को भी पढ़कर सुनाया गया। संदेश में पुलिस बल की वीर परंपरा, चुनौतियों के बीच समर्पित सेवा और जनता की सुरक्षा के प्रति वचनबद्धता पर जोर दिया गया। पत्र के माध्यम से डीजीपी ने सभी पुलिसकर्मियों से अपेक्षा की कि वे अपनी ड्यूटी का निर्वहन संवेदनशीलता, निष्ठा और व्यावसायिकता के साथ करें तथा हर परिस्थिति में पुलिस ध्वज की गरिमा को बनाए रखें। एसपी अंकुर अग्रवाल ने उपस्थित जवानों को प्रेरित करते हुए कहा कि पुलिस का कर्तव्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने बताया कि तकनीक, सतर्कता और टीमवर्क के साथ सीतापुर पुलिस निरंतर बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रही है। कार्यक्रम में एएसपी उत्तरी आलोक सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारीगण, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, महिला पुलिसकर्मी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। समारोह के अंत में पुलिस ध्वज के प्रति निष्ठा और सेवा भाव के साथ अपने कर्तव्यों को निभाने की शपथ ली गई।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *