सीतापुर जिले में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे ठंड में एक बार फिर इजाफा हो गया है। शुक्रवार देर रात शहर के विभिन्न इलाकों में घना कोहरा छा गया, जो शनिवार सुबह तक बना रहा। कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित रहा और लोगों को सर्दी का तीखा अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। पूरे दिन करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहेंगी, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई। आसमान में बादलों और कोहरे के कारण दिन में धूप निकलने की संभावना बेहद कम बनी हुई है। घने कोहरे का सबसे अधिक असर सड़क और रेल यातायात पर देखने को मिला। कई प्रमुख मार्गों पर दृश्यता घटकर महज 20 मीटर तक सिमट गई, जिससे वाहन चालकों को बेहद धीमी गति से वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेल यातायात भी कोहरे की चपेट में रहा। कुछ ट्रेनों के संचालन में देरी देखी गई, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ा। वहीं सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आए। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है।
सीतापुर में मौसम बदला, घना कोहरा छाया:ठंडी हवाओं से बढ़ी सर्दी, जनजीवन प्रभावित
📅 Published: January 31, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
