कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को सुल्तानपुर पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी के प्रिय रामचेत मोची के तेरहवीं संस्कार में भाग लिया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा सहित कई अन्य कांग्रेसी नेता उनके साथ मौजूद थे। अजय राय और अन्य नेताओं ने रामचेत मोची के पैतृक गांव पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर सुख-दुख में साथ रहने का आश्वासन दिया। रामचेत मोची राहुल गांधी से मुलाकात के बाद चर्चा में आए थे। उनका हाल ही में टीबी और कैंसर की लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके निधन की खबर सुनकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी दुख व्यक्त किया था। उन्होंने जनपद के कांग्रेसियों को रामचेत के परिजनों को हर संभव मदद प्रदान करने का निर्देश दिया था। रामचेत का निधन 11 नवंबर को हुआ था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी अर्थी को कंधा दिया था और परिवार को आर्थिक मदद भी प्रदान की थी। पिछले वर्ष जुलाई 2024 में लखनऊ जाते समय राहुल गांधी रामचेत से मिले थे और उनके कारोबार के बारे में जानकारी ली थी। उस मुलाकात के दौरान रामचेत ने राहुल गांधी को एक जूता भेंट किया था। राहुल ने उन्हें मशीन आदि भेजी थी। बाद में रामचेत अपने परिवार के साथ राहुल, सोनिया और प्रियंका गांधी से भी मिले थे। राहुल गांधी ने उन्हें मुंबई भी बुलाया था। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा, कूरेभार ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप सिंह, महासचिव ममनून आलम और राधेश्याम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
सुल्तानपुर पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय:रामचेत मोची की तेरहवीं में हुए शामिल, परिवार को दिया मदद का आश्वासन
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
