सोनभद्र मे जुगैल थाना पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 गोवंशों को बचाया है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, रविवार की दोपहर मे जुगैल पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बेलगढ़ी टोला से महुअरिया तिराहे की ओर जंगल के रास्ते कुछ लोग बड़ी संख्या में गोवंशों को बिहार ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी। इस दबिश के दौरान पुलिस ने 11 गोवंशों को हांककर ले जा रहे चार व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान एक व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया गया। हालांकि, उसके तीन साथी घने जंगल और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनिल कुमार वैस (लगभग 40 वर्ष) पुत्र जमुना प्रसाद वैस निवासी घोघरा, थाना गढ़वा, जिला सिंगरौली (म.प्र.) के रूप में हुई है। जुगैल थाने में अनिल कुमार के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से 11 गोवंश और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया। पूछताछ में पकड़ा गया आरोपी अनिल कुमार ने बताया कि वह अपने साथी पंकज सिंह और दो अन्य अज्ञात साथियों के साथ मिलकर इन गोवंशों को जंगल के रास्ते ओबरा-हाथीनाला-विंढमगंज होते हुए बिहार सीमा की ओर ले जा रहा था। उसने यह भी खुलासा किया कि वे स्थानीय स्तर पर गोवंशों को कम दामों में खरीदकर बिहार में गोकशी करने वालों को अधिक कीमत पर बेचते थे।
सोनभद्र पुलिस ने 11 गोवंशों की तस्करी रोकी:बिहार ले जाए जा रहे पशुओं के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
