स्वामी प्रसाद मौर्य का धीरेंद्र शास्त्री पर हमला:जालौन में बोले- यूपी में जंगलराज; धीरेंद्र शास्त्री पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा हो

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

जालौन के उरई में शुक्रवार को यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री और राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य पहुंचे। उन्होंने एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार की कानून-व्यवस्था, भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री को लेकर तीखे हमले बोले। स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। प्रदेश में जंगलराज जैसा माहौल है, क्योंकि भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण देने में लगी रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी खुलकर घूम रहे हैं और सरकार व प्रशासन उनकी ढाल बन रहे हैं। मौर्य ने कहा कि जब सत्ता संरक्षित अपराध बढ़ेंगे तो आम जनता कैसे सुरक्षित रह पाएगी? प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री पर भी करारा प्रहार किया। मौर्य ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री देश को बांटने वाले बयान देते हैं और समाज में वैमनस्य फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए, लेकिन इसके विपरीत सरकार उन्हें सुरक्षा और मंच दोनों उपलब्ध करा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री खुले मंच से हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहे हैं, जो देश की एकता और संविधान के खिलाफ है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन हजारों की संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर उन्हें संरक्षण दे रहा है। मौर्य ने कहा कि जिसे जेल में होना चाहिए उसे सरकार संरक्षण दे रही है, क्योंकि सरकार को ऐसे बयानों से राजनीतिक लाभ मिलता है। पूर्व मंत्री ने दावा किया कि देश का समझदार और जागरूक वर्ग उनके समर्थन में सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलता है, किसी व्यक्ति विशेष की सोच से नहीं। मौर्य ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह धर्म के नाम पर समाज को बांटकर राजनीति कर रही है, जिसका विरोध जनमानस में तेजी से बढ़ रहा है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *