‘पुलिस ने हमें मारपीट कर जबरदस्ती बांग्लादेश भेज दिया। हमारे पास यहां पर न खाने-पीने के लिए कुछ है और न रहने की जगह। हम बहुत तकलीफ में हैं, हमें किसी तरह यहां से निकाल लो वरना मर जाएंगे। हमें भारत लौटना है। मेरे बच्चे भी पास नहीं हैं।’ 65 साल की अलकन बीबी बांग्लादेश से फोन कर रिश्तेदारों से मदद मांग रही हैं। 8 दिसंबर को ओडिशा पुलिस ने अलकन और उनके पति शेख जब्बार समेत परिवार के 14 लोगों को हिरासत में ले लिया। उन्हें कई हफ्तों तक कस्टडी में रखा गया। फिर 26 दिसंबर को पश्चिम बंगाल से नदिया जिले के रास्ते बांग्लादेश भेज दिया गया। रिश्तेदारों का कहना है कि दस्तावेज न होने पर बांग्लादेश के सुरक्षाबलों ने सभी को भारत लौटा दिया था, लेकिन BSF ने उन्हें दोबारा बांग्लादेश पुशबैक कर दिया। इन सबके बीच 5 लोग परिवार से बिछड़ भी गए हैं। जबकि बाकी के 9 लोग अब भी बांग्लादेश के सिलहट में हैं। पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में रहने वाली जब्बार की बहन रहिमा उनकी वापसी के लिए लड़ाई लड़ रही हैं। वे दावा करती हैं कि कई दशक से उनके भाई का परिवार ओडिशा में है। वे वहां के रजिस्टर्ड वोटर हैं। उनके पास आधार कार्ड, राशन कार्ड और 60 साल पुरानी जमीन के डॉक्यूमेंट भी हैं। फिर भी पुलिस उन्हें घुसपैठिया बता रही। वहीं पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। दैनिक भास्कर की टीम ने पश्चिम बंगाल में शेख जब्बार के रिश्तेदारों से बात कर पूरा मामला समझा। भाभी फोन रोकर कह रहीं, हमें बचा लो नहीं तो यहां मर जाएंगे
रहिमा पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम के आमडातल्ला गांव में रहती हैं। बड़े भाई की मौत हो चुकी है। उनके बाकी दो भाई ओडिशा के जगतसिंहपुर में रहते हैं। सभी राजमिस्त्री, फेरी और कबाड़ी का काम करते हैं। रहिमा बताती हैं, ‘तीनों भाई कई साल पहले ओडिशा जाकर बस गए थे। वहीं तीनों का कामकाज था और वहीं मकान भी बना लिया था। उनके बच्चे भी वहीं बड़े हुए।‘ ‘पिछले महीने मेरे भाई शेख जब्बार और उसके परिवार को पुलिस ने बांग्लादेश भेज दिया। जिसमें 5 छोटे बच्चे और 90 साल की बुजुर्ग भाई की सास भी हैं। मुझे जबसे इस बारे में पता चला है, परेशान हूं। रोने के अलावा और कर भी क्या सकती हूं। पति की मौत हो चुकी है। लड़के बाहर काम करते हैं। मैंने देवरानी के बेटे रहुम्मीन से इस मामले में मदद मांगी है।’ रहिमा बताती हैं, रहुम्मीन ने भाई के परिवारवालों से बात की है। मैंने भाभी की रिकॉर्डिंग सुनीं। रो-रोकर उनका बुरा हाल है। वो बस यही कह रही हैं कि हमें बचा लो नहीं तो यहां मर जाएंगे। ’हमारा परिवार पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना में नामखाना ब्लॉक के शिवरामपुर ग्राम पंचायत के पातीबुनिया में रहता था। गांव में कुनबे के कुछ ही लोग बचे हैं। गांव की जमीन के कागज भी उन्हीं के पास हैं।’ भाई के परिवार को बांग्लादेश भेजे जाने के बारे में कैसे पता चला? इसके जवाब में रहिमा कहती हैं, ‘दिसंबर में मेरे भाई की बहू ने मुझे फोन किया था। उसी ने बताया था कि पुलिस परिवार के लोगों को थाने ले गई है। उनके साथ बहुत मारपीट भी की जा रही है। इन सबके बाद भी हम ये नहीं समझ पाए थे कि पुलिस उन्हें बांग्लादेश भेज देगी।‘ बांग्ला बोलने वालों को परेशान कर रही BJP सरकार
रहिमा के भतीजे रहुम्मीन खान बताते हैं, ‘ओडिशा में BJP सरकार आने के बाद से ही बांग्ला बोलने वालों को परेशान किया जा रहा है। मामा शेख जब्बार का परिवार 1970 के बाद से ही ओडिशा में रह रहा है। वहां की वोटर लिस्ट में उनका नाम भी है। फिर भी उन्हें बांग्लादेश भेज दिया।‘ ‘ओडिशा पुलिस ने पहले उन लोगों को गिरफ्तार करके जगसिंहपुर पुलिस स्टेशन में रखा। फिर BSF को सौंप दिया। इसके बाद BSF ने उन्हें नदिया जिले के रास्ते बांग्लादेश भेज दिया। जब परिवार बांग्लादेश के चुआडांगा में था, तभी हमें न्यूज से उनके बारे में पता चला।‘ ‘बांग्लादेश में जब सुरक्षा बलों ने उनसे डॉक्यूमेंट्स मांगे तो वे कुछ दे नहीं सके। इसलिए 27 दिसंबर को बांग्लादेश ने शेख जब्बार और उनके परिवार को फिर भारत भेज दिया। उनके पास फोन भी नहीं है। तब इतनी ठंड में वो सब जीरो माइल्स हेली बॉर्डर पर बैठे रहे, जो BSF के अधिकार क्षेत्र में आता है।‘ ‘हमें जैसे ही इस बारे में पता चला तो हमने हेली पुलिस स्टेशन में फोन किया और बताया कि वो सब लोग भारतीय हैं। हमारे पास उनके दस्तावेज भी हैं। इन्हें फिर बांग्लादेश न भेजा जाए।‘ बांग्लादेश ने लौटाया तो BSF ने फिर पुशबैक किया
रहुम्मीन आगे बताते हैं, ‘बंगाल पुलिस ने बताया कि केस BSF के पास है इसलिए वो इस मामले में कुछ नहीं कर सकते हैं। अगर कोई शिकायत की गई होती तो पुलिस इस मामले को देखती। इसके बाद रहुम्मीन ने BSF के अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई बात नहीं हो सकी।’ ’BSF ने फिर परिवार को बांग्लादेशी बताकर अपनी कस्टडी में ले लिया। उन्हें असम और मेघालय के बॉर्डर से फिर बांग्लादेश के चट्टोग्राम भेज दिया गया। ये बात लगभग 20 दिन पहले की है। तभी उनसे हमारी आखिरी बार बात हुई थी और पता चला था कि वो अभी बांग्लादेश के सिलहट में हैं।’ रहुम्मीन आगे बताते हैं, ’मेरी मामी लगातार रोते हुए कह रही थीं कि हमें बचा लो हम भारतीय हैं। वहां उन्हें खाना-पीना तक नहीं मिल रहा है। उनके साथ 90 साल की एक बुजुर्ग महिला हैं, वो तो अब चल-फिर भी नहीं पा रही हैं। न उनके पास रुपए-पैसे हैं और न ही रहने की जगह है। पूरा परिवार सड़क पर पड़ा है और लोगों से खाना मांग कर पेट भर रहा है। एजेंट बॉर्डर पार कराने के नाम पर 2 लाख रुपए मांग रहे हैं, लेकिन हम उन्हें पहचानते नहीं तो पैसे कैसे दे दें।’ ’इसके बाद हमारी भी हिम्मत टूटने लगी, लेकिन बंगाल सरकार से कोई मदद नहीं मिल रही है। प्रवासी मजदूरों के लिए काम करने वाली एक संस्था से हमें कानूनी तौर पर मदद मिली है। मैंने सबसे पहले मामा के गांव की पंचायत से वंशावली के कागजात बनवाए। कोर्ट से जो एफिडेविट बनवाने थे, वो बनवाए। हमारे पास बंगाल में 1962 की जमीन के कागज हैं, जिसमें मामा के पिता और चाचा का हिस्सा लिखा हुआ है।’ रहुम्मीन आगे बताते हैं, ‘हमारे पास जरूरी सरकारी दस्तावेज भी हैं। मामा शेख जब्बार का ओडिशा की 2002 की वोटर लिस्ट Or-05-039154197 में भी नाम है। हालांकि इसमें पिता का नाम गलत लिख गया था, जिसे एफिडेविट से सही करवाया गया है। मामा और उनका परिवार ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं है, इसलिए डॉक्यूमेंट्स को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं है।‘ सरपंच बोलीं- शेख के खानदान वाले आज भी गांव में रह रहे
हमने जमीन की जानकारी पुख्ता करने के लिए गांव की सरपंच रचना सरकार से भी बात की। वो बताती हैं, ‘शेख पूचू (शेख जब्बार के पिता) का परिवार पात्तीबुनिया गांव में रहता था। परिवार के लोग कई साल पहले ओडिशा से चले गए, लेकिन खानदान के कुछ लोग आज भी गांव में रहते हैं। वंशावली बनवाने में मैंने ही परिवार की मदद की है। गांव नामखाना ब्लॉक के तहत आता है।‘ BSF अधिकारी बोले- कानूनी तौर पर डिपोर्ट किया जा रहा
इस मामले को लेकर हमने जगतसिंहपुर के एसपी से इस बारे में जानने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इसके बाद हमने सीमा पर मौजूदा हालात और अवैध बांग्लादेशियों की वापसी की प्रक्रिया समझने के लिए BSF के एक सीनियर अधिकारी से बात की। अधिकारी नाम न छापने की शर्त पर बात करने को राजी हुए। वे अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस भेजने को जटिल कूटनीतिक और कानूनी प्रक्रिया बताते हैं। अधिकारी कहते हैं, ‘जब किसी संदिग्ध को सीमा के पास के इलाकों से हिरासत में लेते हैं, तो सबसे पहले उसके दस्तावेजों की जांच की जाती है। अगर उनके पास से कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलते हैं तो हम बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश (BGB) के साथ तत्काल फ्लैग मीटिंग करते हैं। अगर घुसपैठिया सीमा पार करते वक्त ही पकड़ा जाता है और कोई गंभीर अपराध न करे तो आपसी सहमति से उसे तभी वापस भेज देते हैं, जिसे तकनीकी भाषा में पुशबैक कहा जाता है।‘ ‘देश के किसी भी राज्य में अवैध बांग्लादेशी पकड़े जाने पर अलग प्रक्रिया फॉलो होती है। इसके तहत डिपोर्टेशन की प्रक्रिया में बांग्लादेशी एंबेसी से नागरिकता की पुष्टि करनी जरूरी होती है। स्टेट पुलिस और इंटेलिजेंस के लोग अपने लोकल नेटवर्क और बोली के हिसाब से इन्हें पहचानते हैं।‘ बोली से पहचानने को लेकर अधिकारी बताते हैं, ‘भारतीय बंगाली और अवैध बांग्लादेशी की बोली में फर्क समझ आ जाता है। पकड़े जाने पर ये लोग अक्सर फर्जी आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखाते हैं। हालांकि सिस्टम में उनका बैक-एंड वेरिफिकेशन होते ही पहचान सामने आ जाती है। अवैध दस्तावेजों के पाए जाने पर इन्हें अलग-अलग धाराओं के तहत जेल भेजा जाता है।‘ अब वापसी की प्रक्रिया काफी व्यवस्थित है। पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में पेट्रापोल या त्रिपुरा के अखौरा जैसे अधिकृत इंटरनेशनल चेक पोस्ट के जरिए ही इन्हें कानूनी तौर पर डिपोर्ट किया जाता है। अधिकारी मानते हैं कि अवैध घुसपैठ रोकने में भी काफी सुधार हुआ है। वे बताते हैं, ‘हमने अब सीमा पर बॉर्डर इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीक का जाल बिछाया है, जिससे थर्मल इमेजरी के जरिए घने कोहरे और अंधेरे में भी बिना दस्तावेजों के घुसपैठ करने वालों को आसानी से ट्रैक कर लिया जाता है।‘ बांग्लादेश भेजी गईं सोनाली खातून SC के आदेश के बाद लौटीं
दिल्ली पुलिस ने बांग्लादेशी होने के शक में 18 जून को सोनाली खातून, पति दानिश और 8 साल के बेटे को एक पड़ोसी परिवार के साथ हिरासत में लिया। फिर उन्हें बांग्लादेश भेज दिया गया था। जिस वक्त सोनाली को बांग्लादेश भेजा गया, वे प्रेग्नेंट थीं। सोनाली के पास भी आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज थे। उनका घर पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में है। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। 5 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बांग्लादेश में 162 दिन बिताने के बाद सोनाली और उनके बेटे को भारत लाया गया। सोनाली ने 5 जनवरी को बीरभूम के रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। जिसे देखने TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी भी गए थे। हालांकि सोनाली के पति दानिश शेख और एक अन्य बंगाली परिवार बांग्लादेश में ही है। वे अपनी नागरिकता साबित करने के लिए दस्तावेज जमा कर रहे हैं, जबकि कानूनी प्रक्रिया जारी है। ………………. ये खबर भी पढ़ें… स्कैन कर बांग्लादेशी बताने वाली मशीन का सच क्या 23 दिसंबर की बात है। गाजियाबाद में कौशाम्बी थाने के SHO अजय शर्मा बिहारी मार्केट की झुग्गियों में पहुंचे। उनके साथ लोकल पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी थे। अजय शर्मा टीम के साथ वहां रहने वालों की नागरिकता चेक करने लगे। SHO ने झुग्गी में रहने वाले 52 साल के मोहम्मद कैसर आलम से कागज दिखाने को कहा। पूछा कि कहां के रहने वाले हो, बांग्लादेशी तो नहीं हो। पढ़िए पूरी खबर…
‘हमें बचा लो, बांग्लादेश में मर जाएंगे‘:भारत से 14 लोग डिपोर्ट, बहन बोली- वोटर कार्ड, 60 साल पुराने कागज, फिर क्यों भगाया
📅 Published: January 19, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
