हरदोई में कार-बाइक टक्कर में दो किशोरों की मौत:नाना की दवा लेने जा रहे तीन दोस्तों में से दो की जान गई

📅 Published: January 19, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

हरदोई जनपद के मल्लावां-संडीला मार्ग पर रविवार शाम एक सड़क हादसे में दो किशोरों की मृत्यु हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा तब हुआ जब तीनों दोस्त एक बाइक पर सवार होकर दवा लेने जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ा नेवादा निवासी आकिब (15), साफेज (16) और गुलशन (18) बाइक से मल्लावां जा रहे थे। तीनों युवक अपने नाना के लिए दवा लेने निकले थे। मल्लावां-संडीला मार्ग पर भजेहटा गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने साफेज को मृत घोषित कर दिया। आकिब की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल गुलशन को भी लखनऊ रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। साफेज अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि आकिब तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कोतवाल शिवाकांत पांडेय ने बताया कि पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। पंजीकरण नंबर के आधार पर मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों की तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *