हरदोई में बीड़ी मांगी, विरोध पर युवक को मार डाला:भाई बोला- दबंगों को बर्दाश्त नहीं कि उनके सामने कोई ऊंची आवाज में बात करे

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के बूंदापुर गांव में बृहस्पतिवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही चार भाइयों पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने और शव घर के पास फेंकने का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान राजवीर (34) पुत्र गेंदनलाल के रूप में हुई है। वह रात करीब 7 बजे चाऊपुर गांव से राशन लेकर अपने घर लौट रहा था। मृतक के भाई रामनाथ का आरोप है कि रास्ते में गांव के दबंग चार भाइयों ने उसे रोका और बीड़ी मांगी। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई। भाई रामनाथ ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से राजवीर की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि हमलावर शव को करीब 50 मीटर दूर उसके घर के पास फेंककर फरार हो गए। परिजन मौके पर पहुंचे तो राजवीर को मृत पाया और चीख-पुकार मच गई। भाई ने घटना के पीछे जातिगत वर्चस्व को मुख्य कारण बताया है। उनका कहना है कि गांव में ठाकुरों का दबदबा है और वे कुशवाहा समाज के परिवारों को दबाने की कोशिश करते हैं। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया कि राजवीर ने एक दिन पहले कुछ ऐसा कहा था, जो दबंगों को नागवार गुजरा। भाई का आरोप है कि ‘ऊंची जाति’ का वर्चस्व बनाए रखने के लिए घटना को अंजाम दिया। उन्हें यह बर्दाश्त नहीं था कि कोई उनके सामने ऊंची आवाज में बात करे। मृतक छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था और अविवाहित था। उसके घर के लिए लाई गई सामान की थैली में एक समोसा भी मिला, वह रोजमर्रा का सामान लेकर सीधे घर लौट रहा था। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र सिंह फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने साक्ष्य एकत्र किए और मामले का निरीक्षण किया। सीओ ने बताया मामला संदिग्ध है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजन लगातार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, उनका कहना है कि ऐसा न होने पर गांव में तनाव बढ़ सकता है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *