हरदोई जिले में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ‘विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026’ के तहत यह अभियान 18 जनवरी 2026 (रविवार) को पूरे जिले में आयोजित होगा। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान चिन्हित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करना और उसमें मौजूद त्रुटियों को दूर करना है। प्रफुल्ल कुमार ने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को कड़े निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के अनुसार, जिन विद्यालयों या भवनों में मतदान केंद्र स्थापित हैं, उन्हें रविवार होने के बावजूद अनिवार्य रूप से खोला जाएगा। सभी संबंधित विद्यालय और भवन सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक खुले रहेंगे। संबंधित प्रधानाचार्यों और प्रभारियों को समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) केंद्रों पर उपस्थित रहकर निर्वाचन संबंधी कार्यों का संपादन करेंगे। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें।
हरदोई में मतदाता पुनरीक्षण अभियान कल:मतदान केंद्र वाले सभी विद्यालय खुले रहेंगे, प्रधानाचार्य भी रहेंगे उपस्थित
📅 Published: January 17, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
