हरदोई में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या:ट्रॉली हटाने को लेकर हुआ विवाद, जांच में जुटी पुलिस

📅 Published: November 20, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के बूंदापुर गांव में गुरुवार रात एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बूंदापुर निवासी राजवीर (34) पुत्र गेंदनलाल चांऊपुर गांव से घरेलू सामान खरीदकर रात में घर लौट रहा था। रास्ते में गांव के कुछ लोग ट्रॉली पर घूरा भर रहे थे। बताया गया कि ट्रॉली रास्ते में खड़ी होने की बात कहने पर आरोपियों ने राजवीर को घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य और नमूने जुटाए हैं। मृतक के भाई मुरारी ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या गांव के ही कुछ लोगों ने की है। उसने बताया कि राजवीर अविवाहित था और अपने छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है। हरपालपुर के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *