मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को सीएसएन कॉलेज परिसर में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। इसमें 693 हिंदू जोड़ों का विवाह और 25 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ, जिससे कुल 718 नवदंपतियों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की। जिला प्रशासन की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार आकर्षक बनाया गया था। परिसर में जर्मन हैंगर टेंट में केसरिया थीम पर आधारित भव्य सजावट की गई थी, जिसमें फूलों और रंगीन लाइटों का उपयोग किया गया। नवविवाहित जोड़ों के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां उन्होंने यादगार तस्वीरें खिंचवाईं। समारोह में आए सभी आगंतुकों के लिए अल्पाहार और भोजन की व्यापक व्यवस्था की गई थी। अतिथियों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। नवदंपत्तियों और उनके परिजनों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि सरकार अपने संकल्प के अनुसार बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने बताया कि बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री ने अनुदान की राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है। राज्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के संकल्प को दोहराया कि वह बेटियों के जन्म से लेकर उनके विवाह तक की सारी जिम्मेदारी उठाएगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल, पूर्व मंत्री रजनी तिवारी, जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जिलाधिकारी अनुनय झा, अपर जिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील त्रिवेदी और जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाकांत पटेल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पारदर्शिता और पात्रता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जोड़े की आधार आधारित बायोमेट्रिक पहचान कराई गई, जिसके बाद ही विवाह और निकाह की औपचारिकताएं संपन्न हुईं। देखें सामूहिक विवाह की फोटो…
हरदोई में सामूहिक विवाह में 718 जोड़ों की शादी:693 हिंदू कपल्स ने लिए फेरे, 25 मुस्लिम जोड़ों ने कहा- कबूल है
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
