हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव लुटसान में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार के लोग उसे देर रात जिला अस्पताल लाए थे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर की दवा खाने के बाद उसकी पत्नी की हालत बिगड़ी थी। मृतका की पहचान 27 वर्षीय लक्ष्मी पत्नी विजय, निवासी लुटसान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी को शरीर में सूजन और घबराहट की शिकायत थी, जिसके लिए उसने गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर से दवा ली थी। पति विजय ने बताया कि दवा खाने के बाद लक्ष्मी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका लक्ष्मी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। उसका पति खेती-बाड़ी का काम करता है। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
हाथरस में महिला की संदिग्ध स्थितियों में मौत:पति का आरोप, झोलाछाप डॉक्टर की दवा से बिगड़ी हालत
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
