हाथरस में 24 जनवरी को होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस समारोह की तैयारियों का जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने शनिवार को निरीक्षण किया। बांग्ला डिग्री कॉलेज के मैदान में प्रस्तावित इस कार्यक्रम के लिए अधिकारियों ने लेआउट प्लान के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रवेश एवं निकासी मार्ग, मुख्य मंच, विभिन्न विभागों के स्टॉल, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, बैरीकेडिंग, सुरक्षा, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। अतुल वत्स ने कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती तथा प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी और उप जिलाधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हाथरस में यूपी दिवस की तैयारियां तेज:जिलाधिकारी और एसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया, पुलिस बल की तैनाती दिए निर्देश
📅 Published: January 17, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
