हापुड़ के स्क्रैप फैक्ट्री में आग, 10 लाख का नुकसान:दमकल की दो गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं, घटना का कारण स्पष्ट नहीं

📅 Published: November 23, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित चित्तौली रोड पर रविवार दोपहर एक स्क्रैप फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गोदाम का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। जानकारी के अनुसार, रविवार की दोपहर फैक्ट्री में कर्मचारी काम कर रहे थे। तभी वहां बने गोदाम से अचानक धुआं उठता देख कर्मियों में अफरा तफरी मच गईं। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। स्थानीय निवासियों ने भी दमकल कर्मियों की मदद करते हुए मौके तक पहुंचने का रास्ता साफ कराया। गोदाम में प्लास्टिक, रबर, कागज और अन्य ज्वलनशील स्क्रैप सामग्री भारी मात्रा में रखी थी। इसी कारण आग तेजी से भड़की और उस पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो गया। दमकल टीम लगातार पानी की बौछारें कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही थी। देर रात तक आग बुझाने के प्रयास जारी रहे। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र की घेराबंदी कर भीड़ को दूर रखा। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, गोदाम में रखे स्क्रैप सामान को भारी नुकसान पहुंचने की संभावना है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने की वास्तविक वजह की जांच में जुटे हुए हैं। इस घटना के कारण इलाके में दहशत का माहौल रहा। सीएफओ अजय शर्मा ने बताया कि आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *