अमेठी में एक सप्ताह पहले सर्राफा व्यवसायी से 10 लाख रुपये के गहनों की लूट का मामला झूठा निकला है। पुलिस की जांच में सामने आया कि व्यवसायी और उसके बेटे ने कर्ज से बचने के लिए लूट की यह मनगढ़ंत कहानी रची थी। व्यवसायी ने थाने में लूट का मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो पूरा मामला झूठा साबित हुआ। यह घटना संग्रामपुर थाना क्षेत्र के विशेश्वरगंज बाजार से संबंधित है। बड़गांव निवासी जयप्रकाश सोनी विशेश्वरगंज बाजार में ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। 18 नवंबर की शाम को उन्होंने दुकान बंद की और अपने घर जा रहे थे। जांच में हुआ खुलासा जयप्रकाश ने पुलिस को बताया था कि रास्ते में तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें असलाहे की बट से हमला कर 10 लाख रुपये के गहनों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। लूट की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एसओजी और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। व्यापारी की तहरीर पर कार्रवाई की मांग की गई, जिसके बाद पुलिस टीमों ने गहनता से मामले की जांच की। कड़ी पूछताछ के दौरान व्यवसायी जयप्रकाश सोनी ने स्वीकार किया कि उन पर काफी कर्ज हो गया था। इसी कारण उन्होंने अपने बेटे सौरभ के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी गढ़ी। जयप्रकाश ने बताया कि उनका बेटा दुकान से गहने लेकर घर चला गया था। कुछ देर बाद जयप्रकाश सोनी भी दुकान बंद कर घर के लिए निकले और रास्ते में खुद को चाभी से मारकर सिर में चोट पहुंचाई, ताकि यह लगे कि उनके साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है।
10 लाख रुपए ज्वेलरी की लूट निकली झूठी:अमेठी में बाप-बेटे ने मिलकर रची कहानी, कर्ज से परेशान था परिवार
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
