'2029 में लड़ूंगा चुनाव, कोई ताकत रोक नहीं सकती':गोंडा में बृजभू‌षण बोले- 2027 में चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं, अभी भी आत्मा भाजपा में

📅 Published: November 22, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

भाजपा के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने 2029 में चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 2027 में उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन 2029 में वह निश्चित रूप से चुनाव लड़ेंगे। यह बयान उन्होंने 9 नवंबर को एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान दिया है जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गोंडा जिले की कैसरगंज लोकसभा सीट से 2024 के चुनाव में भाजपा ने बृजभूषण शरण सिंह को टिकट नहीं दिया था। उनकी जगह उनके बेटे करण भूषण सिंह को टिकट मिला था, जो अब कैसरगंज से भाजपा सांसद हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने स्पष्ट किया कि 2027 में वह किसी भी जगह से कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे और न ही उन्होंने इसकी कोई तैयारी की है। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि 2029 में उन्हें चुनाव लड़ने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। जब उनसे पूछा गया कि वह भाजपा से चुनाव लड़ेंगे या किसी अन्य दल से, तो उन्होंने सीधे जवाब नहीं दिया, सिर्फ इतना कहा कि वह 2029 में चुनाव जरूर लड़ेंगे। समाजवादी पार्टी में उनके शामिल होने की अटकलों पर बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनका एक बेटा भाजपा से विधायक है, दूसरा बेटा सांसद है, भतीजा ब्लॉक प्रमुख है और उनकी पत्नी भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। उन्होंने आगे कहा कि उनकी पूरी टीम और विचारधारा भारतीय जनता पार्टी की है। उनके सहयोगी भी भाजपा से जुड़े हैं। उन्होंने इन अटकलों को यह कहकर खारिज किया कि कभी-कभी सच बोलने पर लोगों को लगता है कि वह समाजवादी पार्टी के समर्थक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सच बोलना कोई अपराध नहीं है और वह अभी भारतीय जनता पार्टी में हैं, किसी अन्य पार्टी में जाने की कोई योजना नहीं है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *