मथुरा में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) मतदाता प्रणाली के तहत जारी नोटिसों में त्रुटि सुधार और सत्यापन को लेकर बुधवार सुबह मथुरा-वृंदावन नगर निगम कार्यालय पर मतदाताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान नगर निगम परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई, जहां लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। नागरिक बड़ी संख्या में 2003 की नामांकन प्रणाली के आधार पर मतदाता सत्यापन के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। हालांकि, कई मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो सका, जिससे उनमें आक्रोश फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने नई प्रणाली को अव्यवहारिक और असुरक्षित बताया। दूर-दराज के गांवों और क्षेत्रों से आई महिलाओं ने भी अपनी समस्याओं का उल्लेख करते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वे वर्षों से लगातार मतदान करते आ रहे हैं, लेकिन नई व्यवस्था के कारण उन्हें मतदाता सूची से बाहर किए जाने का डर सता रहा है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस कारण के मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है, जिससे उनके संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। इस मुद्दे पर विशेष रूप से मजदूर वर्ग और निम्न आय वर्ग के लोगों में गहरा रोष देखा गया। इसी दौरान, गरीब मजदूर एकता संगठन के अध्यक्ष ताराचंद गोस्वामी का भी सत्यापन नहीं हो सका। इससे आहत होकर वे नगर निगम कार्यालय में धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में कई अन्य परेशान मतदाता भी धरने में शामिल हो गए और अपनी समस्याओं को उठाते हुए नारेबाजी की।
स्थिति बिगड़ती देख सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद माहौल शांत कराया जा सका। मतदाता सूची संशोधन और सत्यापन प्रक्रिया में सामने आई इन अव्यवस्थाओं ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
SIR के विरोध में मथुरा नगर निगम पर प्रदर्शन:त्रुटि सुधार और सत्यापन को लेकर मतदाताओं का फूटा गुस्सा, हंगामा
📅 Published: January 28, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
